हजारीबाग: रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिले में प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारी की जा रही है। इसी कड़ी में रामनवमी महासमिति के पूर्व एवं वर्तमान अध्यक्षों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपसी समन्वय को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग में रामनवमी को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन, एसडीओ के नेतृत्व में फ्लैग मार्च
बैठक में जुलूस मार्ग, समय-निर्धारण, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था से बचने के लिए सभी पक्षों का सहयोग आवश्यक है। इसके साथ ही, अन्य जिलों से आए पुलिस पदाधिकारियों को भी रामनवमी के जुलूस मार्ग की पूरी जानकारी दी गई। उन्हें उनकी ड्यूटी, तैनाती स्थल और जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न हो।
वहीं, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से मुस्लिम समुदाय के गणमान्य व्यक्तियों और विभिन्न मस्जिदों के इमामों के साथ भी बैठक की गई। इस दौरान सभी ने मिलकर शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि रामनवमी का त्योहार शांति और उत्साह के साथ संपन्न हो सके।
52 स्थानों पर एक साथ छापामारी
रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। बुधवार की रात जिले में अवैध शराब के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए 52 स्थानों पर एक साथ छापामारी की गई। इस अभियान में विभिन्न इलाकों में दबिश देकर अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसा गया। छापेमारी के दौरान कई संदिग्ध ठिकानों की जांच की गई और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। वहीं आम लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।


