रांची : बिरसा मुंडा हवाई अड्डा, रांची में विमानपत्तन पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक *श्री मनोज कुमार, आईएएस, आयुक्त, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल एवं सह-अध्यक्ष, विमानपत्तन पर्यावरण प्रबंधन समिति* की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विमानपत्तन निदेशक विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में विमानन सुरक्षा, विशेषकर पक्षी टकराव की रोकथाम तथा हवाई अड्डे के आसपास सुरक्षित परिचालन वातावरण सुनिश्चित करने से संबंधित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : भूकंप के जोरदार झटकों से दहला वेनेजुएला और जापान, अब तक 32 मौत और 700 से अधिक घायल
फूड वैन, रेस्तरां का औचक निरीक्षण
बैठक में हवाई अड्डे के आसपास संचालित अनधिकृत मांस एवं मछली बिक्री केंद्रों तथा बूचड़खानों के विरुद्ध कार्रवाई को और सख्त करने का निर्णय लिया गया। संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण एवं उल्लंघनकर्ताओं पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त बिरसा चौक, हिनू चौक एवं हवाई नगर क्षेत्र में संचालित फूड वैन, रेस्तरां एवं अन्य खाद्य विक्रेताओं द्वारा कचरे के उचित निपटान को सुनिश्चित करने हेतु औचक निरीक्षण करने तथा नियमों का पालन नहीं करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
मोबाइल टावर, ऊँची इमारतों पर लाइट
हवाई अड्डे के आसपास खुले नालों के कारण जलजमाव एवं कीटों के प्रजनन से पक्षियों के आकर्षित होने की समस्या पर भी चर्चा हुई। रांची नगर निगम द्वारा नालों को ढकने हेतु चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई तथा कार्य को शीघ्र पूर्ण करने पर बल दिया गया।
बैठक में मोबाइल टावरों, ऊँची टंकियों एवं इमारतों पर विमानन अवरोधक लाइटों की स्थापना एवं उनकी सेवाक्षमता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विमानन सुरक्षा से संबंधित गजट अधिसूचना *GSR 751(E)* एवं अन्य दिशा-निर्देशों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया गया, ताकि नागरिकों एवं संबंधित संस्थाओं में जागरूकता बढ़ाई जा सके।
बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा
हवाई अड्डा परिसर एवं आसपास आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान हेतु चलाए गए अभियानों की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप आवारा कुत्तों की संख्या में उल्लेखनीय कमी आई है तथा आगे भी नियमित निगरानी जारी रखी जाएगी।
बैठक में रांची जिला प्रशासन, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI), रांची नगर निगम, पुलिस प्रशासन, वन विभाग, भारतीय सेना तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। सभी विभागों ने हवाई अड्डे के आसपास सुरक्षित, स्वच्छ एवं पक्षी-मुक्त वातावरण बनाए रखने हेतु समन्वित प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।




