न्यूज डेस्क : दुनिया के दो देशों, वेनेजुएला और जापान में आए भूकंप के जोरदार झटकों ने पूरी दुनिया को दहशत में डाल दिया. सबसे गंभीर हालात वेनेजुएला में देखने को मिले, जहां एक ही मिनट के अंतर पर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए. अभी तक 32 मौतों की पुष्टि हुई है जबकि 700 लोग घायल बताए गए हैं. वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति रोड्रिगेज ने कहा है कि भूकंप में 32 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और 700 लोग घायल हुए हैं. लेकिन साथ ही कहा है कि अधिक लोगों के हताहत होने की आशंका है.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : कोलकाता के तारातल्ला में निर्माणाधीन गोदाम ढहने से तीन की मौत, कई मलबे में अब भी दबे
हालांकि अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण यानी USGS का अनुमान है कि भूकंप की वजह से मरने वालों की संख्या 10 हजार तक हो सकती है. जो तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं उनमें दिख रहा है कि भूकंप के झटकों से रिहायशी इमारतों से लेकर एयरपोर्ट तक ढह गए हैं. पूरे देश में आपातकाल लागू कर दिया गया है. इन भूकंपों को पिछले 100 से ज्यादा वर्षों में वेनेजुएला में आए सबसे ताकतवर झटकों में गिना जा रहा है.
उधर जापान में भी गुरुवार को 7.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया. इसके झटके सैकड़ों किलोमीटर दूर टोक्यो तक महसूस किए गए. राहत की बात यह रही कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और सुनामी की चेतावनी भी जारी नहीं की गई है.
पीएम मोदी ने जताया दुःख
इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “वेनेजुएला में आए जबरदस्त भूकंप से हुई तबाही से मुझे गहरा दुख हुआ है. भारत के लोगों की ओर से, मैं वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों के प्रति, और खासकर उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपनों को खो दिया है. हम घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं और इस मुश्किल समय में प्रभावित सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं. भारत हर संभव मदद देने के लिए तैयार है.”
डोनाल्ड ट्रंप मदद को तैयार
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “वेनेज़ुएला के लोगों को दहलाने वाले दो बड़े भूकंप बहुत जबरदस्त थे और इनसे बहुत ज्यादा लोगों की मौत हुई है. अमेरिका मदद के लिए तैयार और इच्छुक है! मैंने अपनी सरकार की सभी एजेंसियों को तेजी से कार्रवाई करने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है. हम अपने नए और अच्छे दोस्तों की मदद के लिए वहां मौजूद रहेंगे. शुरुआती खबरें अच्छी नहीं हैं!!!”




