खूंटी: खूंटी-सिमडेगा पथ पर तोरपा थाना क्षेत्र के चुरगी गांव के पास बुधवार पूर्वाहन करीब 11:10 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना में ट्रक चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। जबकि ट्रक का खलासी इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिमडेगा से तोरपा होते हुए रांची की ओर जा रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा कर पलट गया। पलटने के तुरंत बाद ट्रक में भीषण आग लग गई, जिसमें फंसे चालक ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका और आग की लपटों में घिरकर मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंच तोरपा थाना की पुलिस ने ट्रक में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास किया, वहीं हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल दिथा. इस बीच पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि ट्रक राजस्थान के अलवर जिले का है. पुलिस चालक की पहचान की पुष्टि करने का प्रयास कर रही है।


