पटना : पटना में मकर संक्रांति के मौके पर राजनीति और पारिवारिक मेलजोल का अनोखा नजारा देखने को मिला। राजद नेता तेजप्रताप यादव ने अपने आवास पर दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया, जिसमें उनके पिता लालू प्रसाद यादव शामिल हुए। इस दौरान लालू यादव ने साफ कहा कि वे तेजप्रताप से नाराज नहीं हैं और बेटे को हमेशा आशीर्वाद मिलता रहेगा। लालू यादव ने तेजप्रताप के बीजेपी में जाने की अटकलों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बेटे को लेकर उनके मन में कोई नाराजगी नहीं है और परिवार एक साथ रहेगा। उनके इस बयान को सियासी गलियारों में अहम संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
Highlights:
दही-चूड़ा भोज में कई दिग्गज पहुंचे
तेजप्रताप यादव के इस भोज में आरिफ मोहम्मद खान भी पहुंचे। इसके अलावा परिवार और राजनीति से जुड़े कई चेहरे मौजूद रहे, जिनमें प्रभुनाथ यादव, साधु यादव और चेतन आनंद शामिल हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी इस भोज में शामिल नहीं हुए थे।
सात महीने बाद राबड़ी आवास पहुंचे तेजप्रताप
तेजप्रताप यादव मंगलवार को करीब 7 महीने बाद राबड़ी आवास पहुंचे थे। वहां उन्होंने लालू यादव, राबड़ी देवी और छोटे भाई तेजस्वी यादव को दही-चूड़ा भोज का न्योता दिया। इस दौरान उन्होंने तेजस्वी की बेटी कात्यायनी को गोद में लेकर पारिवारिक अपनापन भी दिखाया। भोज में दही-चूड़ा, तिलकुट के साथ लाहौरी जूस का भी इंतजाम किया गया। इससे पहले तेजप्रताप यादव दिल्ली में मीसा भारती के आवास पर भी पिता लालू यादव से मिले थे और उन्हें भोज का निमंत्रण दिया था। वहीं, 1 जनवरी को वे राबड़ी देवी के जन्मदिन पर भी उनके आवास पहुंचे थे।
अन्य जगहों पर भी दही-चूड़ा भोज
इधर, नीतीश कुमार रत्नेश सदा के आवास पर आयोजित दही-चूड़ा भोज में शामिल हुए। रत्नेश सदा ने कहा कि उनके टिकट को लेकर हेरफेर की जा रही थी, लेकिन नीतीश कुमार ने उन्हें बुलाकर टिकट दिया। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के दफ्तर में भी दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के कई बड़े नेता पहुंचे। इससे पहले उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के आवास पर हुए दही-चूड़ा भोज में भी तेजप्रताप यादव शामिल हुए थे। जब उनसे तेजप्रताप को एनडीए में आने का न्योता देने के सवाल पर पूछा गया, तो विजय सिन्हा ने कहा, “वक्त पर सब पता चल जाएगा।” तेजप्रताप यादव ने भी कहा कि समय आने पर सब साफ हो जाएगा और विजय सिन्हा से उनके व्यक्तिगत संबंध हैं।

