झारखंड : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन राजधानी रांची के जैप-1 ग्राउंड में आयोजित 20वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट- 2025 के समापन समारोह में शामिल हुए. इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस विभाग किसी भी राज्य की रीढ़ होती है. पुलिस विभाग की जिम्मेवारी वर्तमान समय में चुनौतियों से भरा है. राज्य में जैसे-जैसे विकास के आयाम आगे बढ़ते हैं पुलिस की चुनौतियां भी बढ़ती चली जाती हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तकनीकी युग में हमारे पुलिस के जवान किस प्रकार अधिक से अधिक दक्षता हासिल करें यह अत्यंत जरूरी है. आज हमारी सरकार राज्य के पुलिस महकमें को ज्यादा से ज्यादा दक्ष बनाने की जिम्मेदारी को पूरा करने का हरसंभव प्रयास कर रही है. मुख्यमंत्री ने उन सभी प्रतिभागियों एवं टीमों को बधाई दी, जिन्होंने इस प्रतियोगिता में अपने-अपने क्षेत्र में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किए. उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वालों को भी बधाई दी. इस मौके पर तीन उत्कृष्ट अनुसंधानकर्ताओं को भी पुरस्कृत किया गया.
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि 20वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट-2025 के सफल प्रतिभागी यहां से प्राप्त अनुभव व ज्ञानार्जन का उपयोग अपने-अपने कार्यक्षेत्र में करेंगे, इसके अलावा वे अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट-2025 में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेते हुए अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड को गौरवान्वित करेंगे. इस मौके पर डीजीपी अनुराग गुप्ता, अपर पुलिस महानिदेशक एसीबी प्रिया दूबे, पुलिस महानिरीक्षक अपराध अनुसंधान मनोज कौशिक, पुलिस विभाग के वरीय एवं कनीय पदाधिकारीगण सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे.


