रांची : राजधानी रांची के तुपुदाना थाना ओपी इलाके के बालसिरिंग में रांची पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ होने की सूचना सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ में सुजीत सिन्हा गैंग के अपराधी शामिल हैं, जो अपने आप को कोयलांचल शांति सेना नामक अपराधी संगठन का सदस्य बताते हैं. पुलिस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक इस मुठभेड़ में एक अपराधी को गोली लगी है, जिसकी पहचान आफताब के रूप में बताई जा रही है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार एसएसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि कोयलांचल शांति सेना के नाम पर बीते दिनों डोरंडा में गोली करने वाले अपराधी तुपुदाना के बालसिरिंग इलाके में किसी घटना को अंजाम देने के फिराक में हैं. इस सूचना पर एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की ओर से हुई जवाबी कार्रवाई में आफताब नामक अपराधी को पैर में गोली लगी. इसके अलावा पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार भी किया है. अपराधियों के पास से हथियार और गोली बरामद हुए हैं.
पिछले एक सप्ताह में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की यह दूसरी घटना है, इससे पहले राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के साथ भी पिछले सप्ताह रातू थाना क्षेत्र के होचर इलाके में मुठभेड़ हुई थी, जिसमें दो अपराधी घायल हुए थे जबकि दो अन्य अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था.


