बिहार : बिहार में चुनाव की तैयारियों को लेकर रविवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि राज्य में SIR (Special Intensive Revision) पूरी तरह सफल रहा है। यह मतदाता सूची को अपडेट करने की सबसे बड़ी पहल रही। उन्होंने बताया कि 24 जून 2025 को SIR शुरू हुआ था और यह तय समय पर पूरा हो गया। सफल SIR के लिए उन्होंने बिहार के मतदाताओं का आभार जताया और कहा कि अब इस मॉडल को पूरे देश में लागू किया जाएगा।
बूथ लेवल ऑफिसर बने मिसाल
CEC ज्ञानेश कुमार ने बताया कि 90,217 बूथ लेवल ऑफिसरों (BLOs) ने बेहतरीन काम किया। उन्होंने कहा कि बिहार के BLO अब पूरे देश के लिए प्रेरणा बने हैं।
उन्होंने बताया कि अब बूथों पर नई सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी –
- मतदाता मोबाइल लेकर बूथ तक जा सकेंगे।
- पोलिंग एजेंट बूथ से 100 मीटर की दूरी पर बैठ सकेंगे।
- मतपत्र पर प्रत्याशियों की रंगीन फोटो और बड़े फॉन्ट में सीरियल नंबर होंगे।
- सभी पोलिंग बूथों की 100% वेबकास्टिंग की जाएगी।
भोजपुरी और मैथिली में मतदाताओं का अभिनंदन
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान CEC ने बिहार की भाषाओं में मतदाताओं को संबोधित किया।
उन्होंने भोजपुरी में कहा – रउआ के कोटि-कोटि धन्यवाद जतावतानी।
फिर मैथिली में कहा – बिहार के सब मतदाता के अभिनंदन करतनी।
उन्होंने कहा, चुनाव को छठ महापर्व की तरह मनाएं, ताकि लोकतंत्र की ताकत दिखे।
राजनीतिक दलों और अधिकारियों के साथ बैठक
CEC ज्ञानेश कुमार ने पटना पहुंचने के बाद राजनीतिक दलों और अधिकारियों के साथ बैठकें कीं। उन्होंने अधिकारियों से चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। EVM, VVPAT की सुरक्षा और बूथों की व्यवस्था पर रिपोर्ट ली। राजनीतिक दलों से चुनाव फेज (चरण) को लेकर सुझाव भी मांगे। चुनाव फेज पर दलों की राय अलग-अलग बीजेपी, जदयू, राजद और LJP (रामविलास) ने अपने-अपने सुझाव दिए –
बीजेपी ने कहा कि 2 चरणों में चुनाव कराए जाएं, ताकि मतदाताओं को परेशानी न हो और उम्मीदवारों का खर्च कम हो।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि बुर्का पहनकर वोट देने आने वाली महिलाओं का महिला अधिकारी द्वारा फोटो मिलान किया जाए।
जदयू का कहना है कि बिहार में अब नक्सल या लॉ-एंड-ऑर्डर की बड़ी समस्या नहीं है, इसलिए एक ही चरण में चुनाव कराना संभव है।
राजद और LJP (R) ने भी 2 चरणों में चुनाव कराने की मांग की। राजद ने सुझाव दिया कि पोस्टल बैलेट की गिनती के दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग होनी चाहिए। साथ ही कहा कि एक ही परिवार के सभी सदस्यों के नाम एक ही बूथ पर रखे जाएं। राजद ने यह भी कहा कि चुनाव से ठीक पहले महिलाओं के खातों में पैसे डालना प्रलोभन है, इसे रोका जाए।


