न्यूज डेस्क : मौसम विभाग ने बताया है कि साइक्लोन मुरासु की आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की प्रक्रिया जारी है. मौसम विभाग ने एक्स पर पोस्ट के ज़रिए लिखा, “भीषण चक्रवाती तूफ़ान मुरासु उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा और मंगलवार को सुबह 3:30 बजे से 5:30 बजे के बीच दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तट पर नेल्लोर और नरसापुर के बीच, ओंगोल के क़रीब से गुज़रा. इस दौरान हवाओं की रफ़्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे थी. झोंकों के साथ यह 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही थी.”
इसे भी पढ़ें : 3 नवंबर राशिफल: जानें अपनी राशि के मुताबिक कैसा रहेगा आपका आज का दिन
विभाग का कहना है कि साइक्लोन के उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होकर मंगवार दोपहर तक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है. विभाग ने कहा, “इस दौरान हवा की रफ्तार 80-90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. इसके बाद आज यानी 3 नवंबर, 2026 की आधी रात तक इसके और कमजोर होकर गहरे दबाव (डीप डिप्रेशन) में बदलने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 55-65 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है.”
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एमडी और आरटीजीएस (रियल टाइम गवर्नेंस सोसाइटी) के सीईओ प्रखर जैन ने सोमवार को कहा कि साइक्लोन के तट पार करने के दौरान 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चलेंगी.

