धनबाद: त्योहारों के मौसम में अगर आप भी मिठाई खरीद रहे हैं, तो जरा सावधान हो जाइए। धनबाद कोयलांचल में मिलावटी खाद्य पदार्थों का कारोबार लगातार सामने आ रहा है। सोमवार को झरिया के फतेहपुर रोड स्थित एक मिठाई कारखाने में फूड सेफ्टी विभाग ने औचक छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने मौके से प्रतिबंधित रंगों से तैयार 210 किलोग्राम रंगीन बताशा और करीब 150 किलोग्राम मिलावटी सेवई व लड्डू बरामद किए। विभाग की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
इसे भी पढ़ें: धनबाद बारामुड़ी खटाल मामला : नोटिस का जवाब देने अंचल कार्यालय पहुंचे खटालवासी, मांगा अतिरिक्त समय

खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि फतेहपुर गली में बिना वैध लाइसेंस के मिठाई बनाने का कारखाना संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी की। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों में प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल की बात सामने आई।
अधिकारियों के अनुसार, इन रंगीन बताशों को दीपावली के मौके पर बाजार में खपाने की तैयारी थी।
बताया जा रहा है कि कारखाने से पूरे धनबाद जिले में खाद्य सामग्री की सप्लाई होती थी। फिलहाल विभाग ने बरामद खाद्य पदार्थों को एक कमरे में रखकर सील कर दिया है। नमूने जांच के लिए रांची भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी अभियान में सेफ्टी ऑफिसर चंदन कुमार साव, चंद्रदेव मंजू और नैना कुमार नायक शामिल थे।

गौरतलब है कि उपायुक्त के निर्देश पर जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों और प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से अपील की है कि मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें तथा मिलावट की जानकारी मिलने पर विभाग को सूचित करें।

