धनबाद: खेल के क्षेत्र में युवाओं को नई पहचान और मंच देने के उद्देश्य से ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में तीन दिवसीय इंडियंस बिगेस्ट स्पोर्ट्स फेस्टिवल का आयोजन होने जा रहा है। 4, 5 और 6 दिसंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से करीब 3000 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। प्रतियोगिता में पावरलिफ्टिंग, बॉडी बिल्डिंग और आर्म रेसलिंग समेत कई नॉन-ओलंपिक खेलों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में कुल डेढ़ करोड़ रुपये की इनामी राशि रखी गई है।
इसे भी पढ़ें : धनबाद के झरिया में फूड सेफ्टी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 210 किलो रंगीन बताशा और 150 किलो मिलावटी सेवई जब्त

धनबाद के धनसार स्थित पावर प्रो यूनिक्स जिम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओडिशा जिम एसोसिएशन के अध्यक्ष देवती कृष्णा बेहरा, पूर्व मिस्टर झारखंड और जीतू कुमार ने आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया जिम एसोसिएशन के तत्वावधान में इस स्पोर्ट्स फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों से 500 रुपये एंट्री फीस निर्धारित की गई है। वहीं, खिलाड़ियों के तीन दिनों तक रहने और खाने की व्यवस्था निःशुल्क रहेगी।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल डेढ़ करोड़ रुपये के पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार के रूप में 20 लाख रुपये, जबकि उपविजेता को 5 लाख रुपये दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पावरलिफ्टिंग, बॉडी बिल्डिंग और आर्म रेसलिंग जैसे नॉन-ओलंपिक खेलों को एक बड़ा मंच प्रदान करना है, ताकि इन खेलों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले और भविष्य में ओलंपिक में शामिल करने की दिशा में प्रयास किया जा सके।
उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें खेलों से जोड़ना बेहद जरूरी है। खेलों के प्रति जुनून युवाओं को सकारात्मक दिशा दे सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में क्रिकेट पर अधिक ध्यान दिया जाता है, जबकि अन्य खेलों और खिलाड़ियों को भी सरकार की ओर से समान प्रोत्साहन मिलना चाहिए।

