गोड्डा : सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र स्थित एक मिशन स्कूल के फादर (प्राचार्य) पर स्कूल की एक रसोइया के साथ गंभीर यौन शोषण और दुष्कर्म का आरोप लगा है। पीड़िता की लिखित शिकायत पर सुंदरपहाड़ी थाना में कांड संख्या 33/26 के तहत तिलाबाद निवासी फादर थॉमस सोरेन के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इसे भी पढ़ें: यूपी के किसान अब तालाब से भी कमा सकेंगे मोटा मुनाफा, सरकार दे रही मोती की खेती का मौका; जानें कैसे उठाएं योजना का लाभ
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, एक आदिवासी महिला अपने पति के साथ रोजगार के सिलसिले में बाहर रहती थी। जून माह में वह काम की तलाश में सुंदरपहाड़ी आई थी। आरोप है कि तिलाबाद पंचायत स्थित मिशन स्कूल के फादर ने काम दिलाने का प्रलोभन देकर उसे बुलाया और स्कूल में रसोइया के पद पर रख लिया। पीड़िता फादर के किचन की जिम्मेदारी संभालती थी, जबकि उसका पति स्कूल के बच्चों के लिए खाना बनाता था।
पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान फादर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर फादर ने उसके बच्चे को मिशन स्कूल से निकालने और पति-पत्नी दोनों को काम से हटाने की धमकी दी। आरोपी फादर पर यह भी आरोप है कि उसने अपने कमरे और स्कूल के कार्यालय में ले जाकर कई बार उसका यौन शोषण किया।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि लगातार यौन शोषण के कारण वह गर्भवती हो गई। इसके बाद फादर ने उसे गर्भपात की दवा देकर चुप रहने को कहा। दवा खाने के बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ी, तो उसने पूरी घटना अपने पति को बताई। पति ने जब फादर से इसकी शिकायत की, तो उन्होंने उसका इलाज कराया। हालत अधिक बिगड़ने पर महिला को गोड्डा के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां उसे बेड भी उपलब्ध कराया गया था।
इस पूरी प्रताड़ना के बाद पीड़िता ने महिला आयोग की पूर्व सदस्य ममता कुमारी से संपर्क कर न्याय की गुहार लगाई। ममता कुमारी के हस्तक्षेप के बाद सुंदरपहाड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज की जा सकी। इस पर ममता कुमारी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यह पूरे राज्य में महिलाओं की अस्मिता के साथ खिलवाड़ है। वहीं, सुंदरपहाड़ी के थाना प्रभारी विधानचंद्र पटेल ने बताया कि मामला सामने आते ही प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की पड़ताल के बाद जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

