पटना: बिहार के सभी पारंपरिक विश्वविद्यालयों में UG पाठ्यक्रमों में एडमिशन लेने के इच्छुक छात्रों के लिए एक बड़ा अवसर सामने आया है। राज्यभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों में UG की 3 लाख से अधिक सीटें खाली पड़ी हैं, जिन्हें भरने के लिए शिक्षा विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से ‘स्पॉट नामांकन’ का मौका दिया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत उम्मीदवार 6 से 8 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
Highlights:
जारी कार्यक्रम के अनुसार, प्राप्त आवेदनों के आधार पर 9 अक्टूबर को मेधा सूची यानी मेरिट लिस्ट और पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी की जाएगी, जिसके बाद चयनित विद्यार्थियों को 10 से 12 अक्टूबर के बीच संबंधित कॉलेजों में जाकर अपना नामांकन कराना होगा।
योग्यता और आवेदन के लिए अलग-अलग पोर्टल
यह ध्यान रखना आवश्यक है कि स्पॉट नामांकन केवल उन्हीं विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध होगा जिन्होंने पूर्व के नामांकन चरणों में किसी भी कॉलेज में एडमिशन नहीं लिया है। बता दें, कि जो विद्यार्थी पहले ही नामांकन ले चुके हैं, वे इसके लिए पात्र नहीं होंगे।
आवेदन प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए दो अलग-अलग पोर्टल की व्यवस्था की गई है—बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय यानी BRABU और मगध विश्वविद्यालय के कॉलेजों के लिए यूएमआइएस यानी UMIS पोर्टल के माध्यम से आवेदन होगा, जबकि अन्य विश्वविद्यालयों के अभ्यर्थी समर्थ SAMARTH पोर्टल के ज़रिए आवेदन कर सकेंगे।
विश्वविद्यालयों और नए डिग्री कॉलेजों में रिक्तियों की स्थिति
सीटों की स्थिति देखें तो राज्य के कई प्रमुख विश्वविद्यालयों के साथ-साथ हाल ही में स्थापित नए डिग्री कॉलेजों में भी बड़ी संख्या में सीटें खाली हैं। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय आरा में 82 हजार से अधिक, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय दरभंगा में 72 हजार से अधिक और पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में करीब 25 हजार सीटें रिक्त हैं।
इसके अलावा तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय और मुंगेर विश्वविद्यालय सहित राज्य के अन्य संस्थानों में भी हजारों सीटें उपलब्ध हैं। नए डिग्री कॉलेजों में तो लगभग 80 प्रतिशत तक सीटें खाली पड़ी हैं। सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पूर्व वे पोर्टल पर अपने पसंदीदा कॉलेज और विषय की रिक्त सीटों का ब्यौरा अवश्य जांच लें।


