खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले में विधि-व्यवस्था को बेहतर करने व सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को एसपी ऋषभ गर्ग ने व्यापक स्तर पर फेरबदल करते हुए कई पुलिस पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी। एसपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के तहत पुलिस निरीक्षक, पुलिस अवर निरीक्षक, सहायक अवर निरीक्षक, हवलदार और आरक्षी स्तर के कुल 276 पुलिसकर्मियों का तत्काल प्रभाव से तबादला व नवीन पदस्थापन किया गया है.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : रांची रेलवे स्टेशन से अगवा मासूम साहिबगंज के तीनपहाड़ में बरामद, पांच गिरफ्तार
खूंटी थाना में नए प्रभारी
जारी आदेश के अनुसार पुलिस केंद्र में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक बाबू बंशी साव को खूंटी का नया थाना प्रभारी बनाया गया है. वहीं पुलिस निरीक्षक परशुराम पासवान को तोरपा अंचल और अनिल उरांव को खूंटी अंचल के पुलिस निरीक्षक पद पर पदस्थापित किया गया है. एक अन्य आदेश में 14 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया गया है. पुअनि अनिल कुमार सिंह को मुरहू थाना और पुअनि जय कुमार को खूंटी थाना भेजा गया है. इसी तरह सअनि लालजी यादव को तोरपा थाना, अमित भूषण कुजूर को तपकारा थाना तथा किरीटी भूषण महतो को मुरहू थाना भेजा गया है. महिला सअनि मंजू लकड़ा को खूंटी थाना से हिन्दी शाखा में पदस्थापित किया गया है.
247 हवलदारों एवं आरक्षियों की नई प्रतिनियुक्ति
एसपी कार्यालय से जारी विस्तृत आदेश के तहत जिला बल (डीएपी) के 247 हवलदारों एवं आरक्षियों की नई प्रतिनियुक्ति की गई है. बड़ी संख्या में जवानों को विभिन्न प्रमुख थानों खूंटी, तोरपा, कर्रा, रनिया, तपकारा और जरियागढ़ के रिजर्व गार्ड के रूप में तैनात किया गया है. जवानों को उप-कारा सुरक्षा, व्यवहार न्यायालय, लोधमा पिकेट तथा वीआईपी एवं प्रशासनिक आवासों की सुरक्षा में लगाया गया है. एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों व पदाधिकारियों को 24 घंटे के भीतर अपने नवपदस्थापित स्थल पर अनिवार्य रूप से योगदान देने व अनुपालन प्रतिवेदन वरिष्ठ अधिकारियों को समर्पित करने का निर्देश दिया है।


