रांची: बीते गुरूवार 24 सितंबर रांची रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से अगवा किए गए चार वर्षीय बच्चे को रांची पुलिस ने 60 घंटे के बाद साहिबगंज के तीनपहाड़ से सकुशल बरामद कर लिया. मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें एक आरोपी को धनबाद रेलवे स्टेशन के पास से धनबाद पुलिस के सहयोग से पकड़ा गया, जबकि चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी साहिबगंज पुलिस के सहयोग से तीनपहाड़ में छापेमारी कर की गई.
इसे भी पढ़ें : गिरिडीह में राजद ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला, विरोधस्वरूप जमकर की नारेबाजी
पुलिस के अनुसार अज्ञात लोग बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए. घटना की सूचना मिलते ही विशेष पुलिस टीम गठित की गई. टीम ने तकनीकी अनुसंधान व मिले इनपुट के आधार पर शनिवार रात सघन छापेमारी अभियान चलाकर सबसे पहले एक आरोपी को धनबाद रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया. इसके बाद आरोपी से हुई पूछताछ में मिले अहम जानकारी के आधार पर साहिबगंज पुलिस के सहयोग से तीनपहाड़ में छापेमारी कर बच्चे को सकुशल बरामद करते हुए चार अन्य आरोपियों को दबोचा गया.
पुलिस अब अपहरण के पूरे नेटवर्क और इसके पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और विस्तृत अनुसंधान जारी है. बच्चे की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी में धनबाद, जामताड़ा और साहिबगंज पुलिस के साथ संथाल परगना जोन के आईजी का विशेष सहयोग रहा. रांची पुलिस के अनुसार, देर रात विषम परिस्थितियों में भी विभिन्न पुलिस इकाइयों ने तत्परता से सहयोग किया. पुलिस ने इस कार्रवाई को अंतर-जिला समन्वय का उदाहरण बताते हुए अभियान में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के प्रति आभार जताया है.


