पटना : बिहार सरकार ने 1991 बैच के IPS अधिकारी व राज्य के डीजीपी विनय कुमार को वीआरएस लेने की अनुमति दे दी है। इसके बाद ही विनय कुमार को बिहार का नया मुख्य सूचना आयुक्त बनाया गया है. इस संबंध में बिहार सरकार के गृह विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से अलग-अलग आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है.
इसे भी पढ़ें : SIR पर झूठ बोल रहे हैं राहुल गांधी, सुप्रीम कोर्ट ने भी SIR की पूरी प्रक्रिया को माना है उचित : आदित्य साहू
गृह विभाग (आरक्षी शाखा) की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार विनय कुमार ने 25 सितंबर को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) के लिए आवेदन दिया था. सरकार ने ‘अखिल भारतीय सेवा (मृत्यु-सह-सेवानिवृत्ति लाभ) नियमावली, 1958’ के नियम -16(2) के तहत तीन महीने पूर्व नोटिस देने की शर्त को शिथिल (माफ) करते हुए, भारतीय पुलिस सेवा से उनके वीआरएस आवेदन को तत्काल प्रभाव से स्वीकृत कर लिया है.
गृह विभाग से वीआरएस की स्वीकृति मिलने के तुरंत बाद, बिहार के सामान्य प्रशासन विभाग ने एक दूसरी अधिसूचना जारी की. इस अधिसूचना के अनुसार, बिहार के राज्यपाल ने सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005′ की धारा-15(3) के तहत सेवानिवृत्त डीजीपी विनय कुमार को पद-ग्रहण करने की तिथि से बिहार राज्य का नया राज्य मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया है.


