प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर देश और दुनिया के कई प्रमुख नेताओं, मंत्रियों, राजनीतिक दलों के नेताओं, खिलाड़ियों और फिल्मी हस्तियों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से लेकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन तक ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए संदेश जारी किए हैं।
Highlights:
राष्ट्रपति मुर्मू ने दी शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में पिछले 25 वर्षों में मोदी ने सुशासन के कई नए प्रतिमान स्थापित किए और समावेशी विकास को नई गति और दिशा दी।
अमित शाह ने बताया त्याग और संकल्प की मिसाल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। शाह ने उनके सार्वजनिक जीवन और देश सेवा का जिक्र करते हुए मोदी के जीवन को मेहनत, त्याग और संकल्प से जुड़ा बताया।
योगी आदित्यनाथ ने भी दी बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें ‘न्यू इंडिया’ का आर्किटेक्ट बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
राहुल गांधी और खरगे ने भी दी शुभकामनाएं
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। दोनों ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।
पुतिन का पीएम मोदी के नाम खास संदेश
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं भेजीं। पुतिन ने भारत और रूस के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में मोदी की भूमिका का उल्लेख किया और दोनों देशों के संबंधों को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई।
पीएम मोदी को खेल और फिल्म जगत से भी बधाइयां
प्रधानमंत्री को खेल और मनोरंजन जगत से भी शुभकामनाएं मिलीं। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर, पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना, बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल और पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने बधाई दी। अभिनेता अक्षय कुमार, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, अनुपम खेर और शिल्पा शेट्टी समेत कई फिल्मी हस्तियों ने भी सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
पीएम मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था। इस बार उनके जन्मदिन पर बीजेपी की ओर से देशभर में कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने लोगों की शुभकामनाओं और ‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान के लिए आभार जताते हुए कहा कि लोगों का आशीर्वाद उन्हें देश की सेवा के संकल्प को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है।


