क्राइम डेस्क: उत्तर प्रदेश के शामली में पिछले दिनों हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड मामले में यूपी पुलिस ने गोगी गैंग के दो मुख्य शूटरों को सोमवार सुबह हुए मुठभेड़ में मार गिराया है। मुठभेड़ कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि पुलिस को सुबह चार बजे सूचना मिली थी कि अंकित बालियान हत्याकांड के दो शूटर शामली में मौजूद हैं. इसके बाद जब यूपी पुलिस व एसटीएफ की टीम शामली में होटल राजमहल के निकट पहुंची तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश ढेर हो गए, इस दौरान दो पुलिसकर्मियों को भी गोली लगी।
इसे भी पढ़ें : LPG सिलेंडर को लेकर एक सितंबर से लागू हो रहा है नया नियम, गैस बुकिंग से पहले जरूर करें ये काम
घटना को लेकर शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सोमवार तड़के 4 बजे बाइकसवार दो बदमाश एक पुलिस चेकपोस्ट से गुजरे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो रुकने के बजाय बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया. इस दौरान एक गोली पुलिस की गाड़ी में लगी। भागने के क्रम में बदमाशों को कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक पुल के पास रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फिर फायरिंग कर मौके से भागने का प्रयास किया. इस दौरान गोली लगने से कोतवाली एसएचओ की गाड़ी का शीशा टूट गया।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, दूसरी टीम भी बदमाशों का पीछा करते हुए एक गली के पास पहुंची, पुलिस से घिरने के बाद बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस मुठभेड़ में दो कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें शामली के सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर किया गया। वहीं पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल दोनों बदमाश को सीएचसी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

