रांची: एलपीजी गैस सिलेंडर व उसकी बुकिंग को लेकर एक सितंबर से नियमों में बदलाव किया जा रहा है. ऐसे में सिलेंडर बुक करने से इन नियमों में क्या बदलाव हुआ, इसकी जानकारी जरूर होनी चाहिए. दरअसल घरेलू LPG ग्राहकों के लिए e-KYC को लेकर 31 अगस्त 2026 तक की डेडलाइन निर्धारित है. तेल कंपनियों की ओर से ग्राहकों को आधार आधारित बायोमेट्रिक e-KYC पूरा करने की सलाह दी गई है. यानी जिन ग्राहकों की e-KYC प्रक्रिया पूरी नहीं होगी, उन्हें आगे गैस सिलेंडर लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
इसे भी पढ़ें : आदिवासी एकता महाजुटान रैली को लेकर भाजपा का दावा, आदिवासियों को धोखे में रखकर बुलाया गया
इसके अलावा हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियों LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं. ऐसे में 1 सितंबर को घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर के नए दाम जारी किए जा सकते हैं. हालांकि कीमत में बढ़ोतरी होगी या कटौती इसका फैसला कंपनियों की ओर से जारी नए रेट के बाद ही पता चलेगा. मौजूदा व्यवस्था के तहत शहरी इलाकों में घरेलू सिलेंडर की अगली बुकिंग के लिए करीब 25 दिन और ग्रामीण इलाकों में 45 दिन का अंतर रखा गया है. यानी तय अवधि पूरी होने से पहले दोबारा सिलेंडर बुक करने पर सिस्टम बुकिंग को स्वीकार नहीं कर सकता.
सिलेंडर की डिलीवरी के समय OTP या Delivery Authentication Code की प्रक्रिया भी महत्वपूर्ण है. रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आने वाले कोड के जरिए डिलीवरी को वेरिफाई किया जाता है. इसलिए LPG कनेक्शन में मोबाइल नंबर अपडेट रखना ग्राहकों के लिए जरूरी है. ऐसे में अगर आप सितंबर महीने में LPG सिलेंडर बुक करने वाले हैं तो सबसे पहले अपनी e-KYC की जरूर चेक कर लें साथ ही रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर एक्टिव रखें और बुकिंग के बाद मिलने वाले OTP को डिलीवरी के समय ही साझा करें. इससे सिलेंडर की डिलीवरी में कोई परेशानी नहीं होगी.

