क्राइम डेस्क: झारखंड के लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने बाईपास सड़क निर्माण करा रही कंपनी के साइट पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें मौके पर मौजूद गार्ड घायल हो गया है. इस दौरान अपराधियों ने वहां मौजूद एक वाहन को भी फूंक दिया. मिली जानकारी के अनुसार अपराधी मुख्य मार्ग से पैदल ही लगभग डेढ़ किलोमीटर अंदर निर्माण स्थल तक पहुंचे थे.
इसे भी पढ़ें : नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 469 पहुंची, नेपाल-तिब्बत सीमा पर फिर बढ़ा बाढ़ का ख़तरा
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने घटना को अंजाम देने से पहले मौके पर पिकअप वाहन में सो रहे राजकुमार यादव को वहां से भगा दिया, हालांकि अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग भी की, जिसमें वह बाल बाल बच गया. बाद में अपराधियों ने मौके पर मौजूद गार्ड भूषण पर निशाना साधते हुए गोली चलाई, जिसमें गोली भूषण की बांह में लगी. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही कुडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल गार्ड भूषण को इलाज के लिए अस्पताल भेजा.
इधर पुलिस ने घटना में शामिल अपराधियों के सुराग पाने को लेकर जांच शुरू कर दी है. शुरूआती जांत में पुलिस को आशंका है कि इस घटना के पीछे राहुल सिंह गिरोह का हाथ हो सकता है. पुलिस लेवी, ठेकेदारी विवाद और आपसी रंजिश समेत सभी संभावित बिंदुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है. वहीं मामले में पुलिस के आधिकारिक बयान का भी इंतजार किया जा रहा है.

