रांची : JSSC CGL परीक्षा में हुई भारी धांधली और पेपर लीक मामले की जांच के क्रम में सीआईडी की एसआईटी ने महत्वपूर्ण खुलासा किया है. मामले में नए तथ्यों की तलाश में जुटी एसआईटी ने मामले में तीन मुख्य आरोपी अभय तिवारी, उसकी पत्नी सुषमा कुमारी और अभय के भाई अक्षय तिवारी से रिमांड पर हुई पूछताछ में कई अहम साक्ष्य हासिल किए हैं.
इसे भी पढ़ें : जाति जनगणना को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी, उठाए ये सवाल
पूछताछ के दौरान अभय तिवारी की पत्नी सुषमा कुमारी ने पेपर लीक मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया है कि JSSC-CGL परीक्षा आयोजित होने से ठीक एक दिन पहले उसके पति अभय तिवारी ने उसे और अपने भाई अक्षय तिवारी को लगभग 60 से 70 प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराए थे. उसने यह भी स्वीकार किया कि इन सभी उत्तरों को उसने और अक्षय ने परीक्षा से पहले पूरी तरह रट लिया था. दूसरे दिन परीक्षा में वे सभी प्रश्न आए थे जिनके जवाब उन्होंने रटे थे. अभय तिवारी ने बोकारो में अपनी पत्नी और भाई को प्रश्न व उत्तरों की सूची सौंपी थी ताकि वे परीक्षा में पास हो जाएं.
इस कड़ी पूछताछ के बावजूद अभय तिवारी ने अब तक सीआईडी के समक्ष यह स्पष्ट नहीं किया है कि उसके पास परीक्षा में आने वाले गोपनीय प्रश्नों के सटीक उत्तर कहां से और किस माध्यम से पहुंचे थे. वह उस मुख्य मास्टरमाइंड या गिरोह के नाम का खुलासा करने से बच रहा है जिसने उसे प्रश्नपत्र के उत्तर मुहैया कराए थे. अभय तिवारी अब तक JPSC और JSSC की अलग अलग परीक्षाओ में सफल हो चुका है और सबसे चौंकाने वाला तथ्य ये है कि उसकी पत्नी और भाई ने JSSC- CGL परीक्षा में पास होने और नौकरी पाने के बाद सिर्फ JPSC की परीक्षा भी क्रेक की ताकि JPSC के जरिये चयनित होकर अच्छी नौकरी और रुतबा ले पाएं.

