रांची: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ पिछले 23 दिनों से जारी छात्रों के आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में राँची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोकारो जिले के रहने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. इस संबंध में हालांकि पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : रांची में जारी छात्रों के आंदोलन में जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने सीएम हेमंत सोरेन से मांगा इस्तीफ़ा, बताई ये वजह
अरगोड़ा निवासी ने दर्ज कराया मामला
कोतवाली थाना में दर्ज प्राथमिकी में दी गई जानकारी के अनुसार अरगोड़ा थाना क्षेत्र के बुद्ध विहार निवासी सुजीत कुमार कुजूर के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने खुद को आदिवासी समुदाय का बताते हुए मामले में आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के अनुसार, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन के संबंध में सोशल मीडिया के खबर अड्डा नामक फेसबुक पेज पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि वीडियो में एक व्यक्ति मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के घर में घुसकर उन्हें जान से मारने और घर उजाड़ने की बात कह रहा है। वीडियो में मुख्यमंत्री के खिलाफ लोगों को कथित तौर पर उकसाने के साथ आपत्तिजनक और आक्रामक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। सुजीत कुमार कुजूर ने आवेदन में कहा है कि इस तरह के वीडियो से भविष्य में मुख्यमंत्री के साथ कोई बड़ी अप्रिय घटना होने की आशंका पैदा हो सकती है। साथ ही संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ लोगों में आक्रोश और हिंसा के लिए उकसावे की स्थिति बन सकती है।
शिकायतकर्ता ने कराई आरोपी की पहचान
शिकायतकर्ता के अनुसार, वायरल वीडियो के संबंध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों से जानकारी ली गई। वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की तस्वीर दिखाने पर छात्रों ने उसकी पहचान विश्वजीत समंदर के रूप में की।आवेदन में विश्वजीत समंदर को विश्व हिंदू परिषद का सदस्य बताया गया है। उसका पता 10/6 सिक्स यूनिट, बोकारो थर्मल, पोस्ट गोविंदपुर, बोकारो थर्मल, नवाडीह, बोकारो बताया गया है। शिकायतकर्ता ने उसका मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है।
वीडियो के आधार पर मामला दर्ज
सुजीत कुमार कुजूर ने बताया कि उन्होंने वायरल वीडियो को अपने मोबाइल फोन में डाउनलोड कर सुरक्षित रखा है। वीडियो को पेन ड्राइव में भी सुरक्षित रखा गया है, ताकि जांच के दौरान पुलिस को साक्ष्य उपलब्ध कराया जा सके। आवेदन में फेसबुक पर वायरल वीडियो का लिंक भी पुलिस को दिया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि लोक सेवक और संवैधानिक पद पर बैठे मुख्यमंत्री के विरुद्ध क्षति पहुंचाने की धमकी देना, लोगों को उकसाना और आपराधिक घटना के लिए प्रेरित करना गंभीर अपराध है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री आदिवासी समुदाय से आते हैं और एक विशेष वर्ग के संगठन से जुड़े व्यक्ति द्वारा उनके खिलाफ इस तरह की कथित टिप्पणी से उनकी छवि धूमिल करने तथा समुदायों के बीच शत्रुता की भावना पैदा करने का प्रयास किया गया है।

