मनोरंजन डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के ‘हिटमैन’ यानी रोहित शर्मा अब मैदान के बाहर एक नई पारी शुरू करने की तैयारी में हैं। क्रिकेट के मैदान पर अपनी शानदार बल्लेबाजी और बेबाक अंदाज के लिए मशहूर रोहित शर्मा जल्द ही टीवी स्क्रीन पर एक अलग भूमिका में नजर आने वाले है। सोनी टीवी की ओर से जारी किए गए नए टीजर सामने के बाद फैंस के बीच जबरदस्त उत्सुकता देखने को मिल रही है। इस शो को ‘रोहित शर्मा शो’ नाम दिया गया है और इसे रोहित शर्मा का एंटरटेनमेंट डेब्यू भी बताया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें: राज्यसभा सांसद परिमल नथवानी ने सरकार व छात्रों के बीच फिर से वार्ता होने पर दिया जोर, छात्रों संग जताई सहानुभूति
मई 2026 में सामने आए शुरुआती प्रोमो के बाद अब नए टीजर ने शो को लेकर चर्चा और तेज कर दी है। हालांकि, शो का पूरा फॉर्मेट, एपिसोड की संख्या और आधिकारिक प्रीमियर डेट अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसे सोनी टीवी के साथ सोनी लाइव पर भी उपलब्ध कराया जा सकता है। इधर टीजर की सबसे खास बात यह है कि इसमें रोहित शर्मा सिर्फ कैमरे के सामने खड़े होकर डायलॉग बोलते हुए ही नहीं दिख रहे, बल्कि वह शूटिंग के दौरान कैमरा और क्रू को निर्देश देते हुए नजर आ रहे हैं।
उनका यह अंदाज फैंस के लिए इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि क्रिकेट के मैदान पर कप्तानी और फैसले लेने के बाद अब वह एंटरटेनमेंट सेट पर भी अपनी बात रखते दिखाई देने वाले है। फिलहाल फैंस इस सोच में है की आखिर रोहित शर्मा का यह शो किस तरह का होगा। क्या यह सेलिब्रिटी इंटरव्यू शो होगा? या फिर इसमें क्रिकेट और मनोरंजन का कॉम्बिनेशन देखने को मिलेगा? या रोहित अपने मजाकिया और सहज अंदाज के साथ कॉमेडी बेस्ड फॉर्मेट लेकर आएंगे? फिलहाल मेकर्स ने इन सवालों के जवाब पूरी तरह सार्वजनिक नहीं किए हैं।
रोहित शर्मा के लिए यह बदलाव इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि पिछले कुछ समय में उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में कई बड़े बदलाव देखने को मिले है। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था। इसके बाद मई 2025 में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया। इसके बाद रोहित का फोकस वनडे क्रिकेट पर रहा है। हालांकि, 2026 में उनके वनडे भविष्य को लेकर भी लगातार चर्चा होती रही है। इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज के दौरान उनके भविष्य को लेकर सवाल उठे, लेकिन लॉर्ड्स में रोहित ने बल्ले ने सभी सवालों का शानदार जवाब दिया है।
रोहित शर्मा ने क्रिकेट के मैदान पर बतौर खिलाड़ी और कप्तान बनकर अपनी अलग पहचान बनाई है। अब टीवी पर उनकी नई भूमिका उनके फैंस के लिए बिल्कुल अलग अनुभव होने वाली है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि रोहित को किसी स्क्रिप्टेड किरदार में नहीं, बल्कि खुद के नाम से एक शो में देखा जाएगा। उनकी क्रिकेट की लोकप्रियता, सोशल मीडिया पर वायरल होने वाला अंदाज और मैदान के बाहर उनकी सहज बातचीत इस शो के लिए मजबूत आधार बन सकते हैं। फिलहाल शो की रिलीज डेट और कंटेंट से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आना बाकी हैं। लेकिन जिस तरह सोनी लगातार टीजर और प्रोमो के जरिए माहौल बना रहा है, उससे साफ है कि ‘रोहित शर्मा शो’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता काफी ज्यादा है।

