रांची: छात्रों के विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को एबीवीपी के विधानसभा मार्च के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला, जब मार्च शुरू होने के पहले ही पुलिस ने पुरानी विधानसभा मैदान के पास ही एबीवीपी कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की. इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में मौजूद एबीवीपी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोकने की कोशिश की. इस दौरान वहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात थे. कुछ देर बाद ही एबीवीपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच भारी तनाव की स्थिति बन गई है.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : रांची में छात्रों ने राहुल गांधी के पहुंचने तक आंदोलन जारी रखने का किया ऐलान
एबीपीवी कार्यकर्ताओं ने वहीं सड़क पर बैठकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन छात्रों की जायज आवाज को लाठी के दम पर दबाने का प्रयास कर रहा है. मौके पर मौजूद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बसों में बैठाने की कोशिश की तो कार्यकर्ताओं ने सड़क पर लेटकर रास्ता जाम कर बस को भी रोकने का प्रयास किया. इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई.
सरकार के खिलाफ नारेबाजी
इससे पहले मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का भरसक प्रयास किया. हालांकि कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर मौके पर सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे. प्रदर्शन के दौरान ही एक महिला कार्यकर्ता अचानक बेहोश होकर गिर गई. जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया. आननफानन में महिला सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल उसे भीड़ से बाहर निकाला. इधर ABVP कार्यकर्ताओं को बसों में भरकर मौके से हटाने में भी पुलिस कामयाब रही.इससे पहले विधानसभा मार्च को देखते हुए पुरानी विधानसभा और आसपास के इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था.

