रांची : झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने गुरुवार को 16 जुलाई से होने वाले जगन्नाथपुर रथ मेले को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की चल रही तैयारियों का जायजा लिया. जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर और रथ यात्रा मार्ग का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
इसे भी पढ़ें : SDO कार्यालय के कर्मी ने पेपर भेजने के नाम पर मांगी 20 हजार रूपए की रिश्वत, रंगेहाथ गिरफ्तार
निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, नियंत्रण कक्ष तथा संवेदनशील स्थलों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए।
डीजीपी ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी, ड्रोन कैमरों से हवाई मॉनिटरिंग और सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने पर जोर दिया।


