नई दिल्ली : कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ‘एक पूरी पीढ़ी के साथ अन्याय किया’ है. उन्होंने रविवार को एक बार फिर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग की है. इसके अलावा उन्होंने रविवार को बाद में इंस्टाग्राम लाइव के ज़रिए लोगों से जुड़ने की भी बात कही.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : कॉकरोच जनता पार्टी का जंतर-मंतर पर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
अभिजीत दीपके ने एक्स पर लिखा, “धर्मेंद्र प्रधान ने एक पूरी पीढ़ी के साथ अन्याय किया है. अगर अगले सात दिनों के भीतर उन्हें पद से नहीं हटाया गया या वह इस्तीफ़ा नहीं देते हैं, तो हमें ज़मीन पर अपना प्रदर्शन जारी रखने के लिए मजबूर होना पड़ेगा.” बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी ने शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग करते हुए जंतर-मंतर में प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन का नेतृत्व सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने किया.
पार्टी ने जारी किया बयान
इससे पहले कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने शनिवार को हुए अपने प्रदर्शन को लेकर रविवार को एक बयान जारी किया है. सीजेपी ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफ़े की मांग दुहराते हुए कहा, “हमारी शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने के लिए धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग करते हुए शांतिपूर्ण तरीक़े से कॉकरोचों ने अपनी ताक़त दिखाई.अगर हमारे भविष्य को ख़तरे में डालने वालों को जवाबदेह नहीं ठहराया गया, तो आगे क्या होने वाला है, यह उसका सिर्फ़ एक ट्रेलर था.”
मनीष सिसोदिया के कांग्रेस पर सवाल
शनिवार को दिल्ली के जतंर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के बाद आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने कांग्रेस पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने शनिवार को एक्स पर लिखा, “देश का जेन ज़ी और नौजवान मोदी सरकार से दुखी हैं. लेकिन आज जब हज़ारों युवा शिक्षा मंत्री का इस्तीफ़ा मांगने जंतर-मंतर पहुँचे तो कांग्रेस ने इन युवाओं का बुरी तरह से मज़ाक उड़ाया.”
उन्होंने कहा, “सीबीएसई, नीट, सीयूईटी जैसी तमाम परीक्षाओं को मोदी जी ने बर्बाद कर दिया, लेकिन कांग्रेस और उसके सिपहसलार इस बात से दुखी है कि देश का युवा कांग्रेस का झंडा उठाए बिना अपनी आवाज़ उठाने लगा है. इसलिए आज कांग्रेस नेता, इनके समर्थक ट्विटर नेता और समर्थक पत्रकार दिनभर इन युवाओं का मज़ाक उड़ाते रहे. एक भी कांग्रेस नेता ने नहीं बोला कि वो इनकी माँग के साथ हैं.”


