पटना : बिहार की राजधानी पटना का सबसे बड़ा कोचिंग हब मुसल्लाहपुर हाट मंगलवार की शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। देश के सबसे लोकप्रिय और चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर पर अज्ञात बदमाशों ने सरेआम गोलीबारी की। हमलावरों ने कोचिंग को निशाना बनाते हुए करीब पांच-छह राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस अचानक हुए हमले से पूरे इलाके में भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई।
Highlights:
हमले में कोचिंग संस्थान की सुरक्षा में तैनात एक निजी सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया है। गोली लगने के तुरंत बाद उसे खून से लथपथ हालत में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हमलावर इतने बेखौफ थे कि उन्होंने फायरिंग करने के साथ-साथ कोचिंग के बाहर लगे खान सर के बड़े-बड़े पोस्टर्स और बैनर भी फाड़ दिए और मौके से फरार हो गए।
इसे भी पढ़ें : सीबीएसई चेयरमैन और सेक्रेटरी के तबादले पर बोले विपक्षी नेता राहुल गांधी, केजरीवाल और सीजेपी के अभिजीत दीपके
मौके पर दलबल संग पहुंचे एसएसपी
वारदात की भयावहता को देखते हुए पटना के एसएसपी और एसपी समेत कई थानों की पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पूरे मुसल्लाहपुर हाट इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। फॉरेंसिक और खोजी दस्ता टीमों ने घटनास्थल से गोलियों के खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
वहीं, एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने कहा कि यह शारीरिक हमले से जुड़ा मामला है। जानकारी मिली है कि गार्ड को चोटें आई हैं; इसलिए, उनका बयान और साथ ही स्थानीय लोगों के बयान दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है। घायल व्यक्ति का फिलहाल इलाज चल रहा है। पटना पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती इनपुट्स और जांच के आधार पर यह मामला दो कोचिंग संचालकों के बीच वर्चस्व की लड़ाई का लग रहा है।
घटना को लेकर खान सर ने कहा
घटना के बाद खान सर ने कहा कि सबसे बड़ी समस्या यही है कि हम इतनी कम फीस में बच्चों को क्यों पढ़ा रहे हैं और हमारी कोचिंग से इतने सारे छात्र परीक्षाओं में पास क्यों हो रहे हैं? जब हजारों गरीब बच्चे कामयाब होने लगते हैं, तो कुछ असामाजिक तत्वों को डर लगने लगता है। उन्हें लगता है कि वे हमें डरा-धमका कर चुप करा देंगे। हमलावरों ने हमारे ऑफिस में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और गोलियां चलाईं।
खान सर ने कहा हमारे सुरक्षा गार्ड ने हमलावरों को साफ पहचान लिया है, ये पास के ही एक कोचिंग सेंटर के लोग हैं। इन्होंने पहले भी हमारे सेंटर को बम से उड़ाने की लिखित धमकी दी थी। हमने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को दे दी है। हम प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हैं, क्योंकि गरीब बच्चों को भी पढ़ाई करने का पूरा अधिकार है। अब आगे की कार्रवाई प्रशासन को ही संभालनी है।


