रांची : वरीय अधिकारियों या पुलिस मुख्यालय की अनुमति के बिना अपना पदस्थापन मुख्यालय छोड़ने वाले एसपी रैंक छह अधिकारियों से पुलिस मुख्यालय ने स्पष्टीकरण मांगा है. मामले की आधिकारिक पुष्टि या इस संबंध में जारी किसी बयान के बिना पुलिस मुख्यालय से जुड़े सूत्रों के मुताबिक बीते रविवार यानी 26 अप्रैल की रात अचानक पुलिस मुख्यालय की ओर से अलग अलग जिले व समादेष्टा में तैनात एसपी रैंक के अधिकारियों से तत्काल लाइव लोकेशन की मांग की गई थी.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : गाजियाबाद की हाईराइज सोसायटी के 15 मंजिला इमारत के 9वें फ्लोर में लगी आग, कई मंजिलें चपेट में
6 अधिकारियों के लाइव लोकेशन
अधिकारियों की ओर से भेजे गए लाइव लोकेशन के आधर पर कम से कम छह ऐसे अधिकारियों के लोकेशन अपने मुख्यालय से बाहर के पाए गए, जिसके बाद पुलिस मुख्यालय ने इन अधिकारियों से मुख्यालय में नहीं रहने और बिना अनुमति पदस्थापन मुख्यालय छोड़ने को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है. बता दें कि बीते 17 अप्रैल को पुलिस मुख्यालय ने एक आदेश जारी कर यह निर्देश दिया था कि जिलों व झारखंड पुलिस वाहिनी में पुलिस अधीक्षक और समादेष्टा बिना सक्षम प्राधिकार के अनुमति के अपना मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे.
मिली शिकायतों पर आदेश जारी
जारी आदेश में यह भी कहा गया था कि कई अधिकारी बिना सक्षम पदाधिकारी की अनुमति के बिना अपना मुख्यालय छोड़कर अन्य जगहों जैसे रांची का भ्रमण करते हैं. या फिर किसी घटना अथवा विधि व्यवस्था के संदर्भ में आवश्यक विमर्श के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा सम्पर्क करने पर अनुपस्थित पाये जाते है. ऐसे में निदेशित किया जाता है कि एडीजी, आईजी, डीआईजी, एसपी और कमांडेंट अपने अधोहस्ताक्षरी को पूर्व सूचना दिये बगैर अपना मुख्यालय छोड़कर रांची अथवा जिला से बाहर भ्रमण के लिए नहीं जायेंगें.


