रांची: झारखंड में मंगलवार सुबह भीषण गर्मी के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला. रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में मौसम बदला और गर्जन- वज्रपात के साथ हल्की बारिश हुई. वहीं रांची में 2 मिमी बारिश हुई, धनबाद में 5और जमशेदपुर में छिटपुट बारिश हुई. इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है. इस बारिश से रांची का अधिकतम तापमान 1.7 डिग्री तक गिरा और मंगलवार को रांची का पारा 38.2 डिग्री रहा. वहीं बेड़ों के खुखरा गांव निवासी 61 वर्षीय किसान भीम महतो की वज्रपात से मौत हो गई.
Highlights:
1-5 मई तक छाएंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार, संभावना है कि 29 अप्रैल को रांची, खूंटी, रामगढ़, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में वज्रपात के साथ तेज हवा और बारिश होगी. इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी है.
वहीं, अन्य जिलों में वज्रपात के साथ तेज हवा चलने की संभावना है. जहां येलो अलर्ट जारी है. यह स्थिति 30 अप्रैल तक जारी रहेगी. इसके साथ ही 1-5 मई तक पूरे राज्य में बादल छाए रहेंगे. जहां 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलेगी.
इसे भी पढ़े: पुलिस मुख्यालय ने अलग अलग जगहों में पदस्थापित एसपी रैंक के 6 अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण
बारिश से लोगों को गर्मी से राहत
रामगढ़ में आज सुबह अचानक मौसम बदला और हल्की बारिश के साथ गरज हुई. जिससे वातावरण में हल्की ठंड का अहसास हुआ. बीते कुछ दिनों में लोगों को गर्मी से काफी परेशानी हो रही थी. इसी बीच मौसम के इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली.
वहीं लोगों ने आशंका जताई है कि दिन चढ़ते ही धूप निकल सकती है. जिससे तापमान बढ़ेगा. सुबह की बारिश से उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगा और मौसम ठंडा रहेगा.




