देवघर: झारखंड के देवघर जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। एसपी के निर्देश पर 17 पुलिस पदाधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जारी आदेश के अनुसार, मोहनपुर, देवीपुर, सारवां, चितरा और पालोजोरी जैसे महत्वपूर्ण थानों के प्रभारी बदले गए हैं। एन थानों पर नए अधिकारियों की तैनाती से पुलिस कार्यप्रणाली में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
Highlights:
तुरंत योगदान देने का निर्देश
आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अविलंब अपने नए पदस्थापना स्थल पर योगदान दें। साथ ही, योगदान की सूचना अनुपालन प्रतिवेदन के साथ विभाग को सौंपने के लिए कहा गया है। तबादले की सूची के अनुसार सालो हेम्ब्रम को मोहनपुर थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि प्रशांत कुमार-1 को देवीपुर थाना की जिम्मेदारी दी गई है। संदीप कुमार को सारवां, बिपिन कुमार को चितरा और संजय कुमार-1 को पालोजोरी थाना प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा, मनोरंजन महतो को बुढ़ई थाना, मोतीराम देवगम को पथरड्डा ओपी, दिलीप मुंडा को यातायात थाना और संदीप कृष्णा को तकनीकी कोषांग में पदस्थापित किया गया है।
यह भी पढ़ें: टिहरी में ब्रेक फेल होने से डंपर खाई में गिरा, चालक समेत दो की मौत
कौशल कुमार सिंह को जिला नियंत्रण कक्ष का प्रभारी बनाया गया है। वहीं विकास पासवान और रुपेश कुमार महतो को नगर थाना देवघर में तैनाती मिली है। सामू बाण्डो को कुण्डा थाना, प्रियरंजन कुमार को बाबा मंदिर थाना और प्रफुल्ल मांझी को विधि शाखा का प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही फैयाज अहमद खां को पुलिस केंद्र देवघर में पदस्थापित किया गया है। पुलिस प्रशासन को उम्मीद है कि इस फेरबदल से जिले में कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी तथा आम लोगों को बेहतर सुरक्षा मिल सकेगी। देवघर में पुलिस पदाधिकारियों के इस बड़े तबादले को प्रशासनिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब यह देखना अहम होगा कि नए पदस्थापित अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में किस तरह प्रभावी भूमिका निभाते हैं।


