रांची : मनातू स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड यानी CUJ में मंगलवार को सीबीआई की टीम ने दबिश दी. मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई विश्वविद्यालय में लगभग डेढ़ दशक पहले हुए वित्तीय अनियमितताओं और नियुक्तियों में गड़बड़ी के मामलों की जांच को लेकर की गई है. आधे दर्जन गाड़ियों में सीयूजे पहुंची सीबीआई की टीम ने यूनिवर्सिटी में अलग अलग विभागों के महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगालने में जुट गई.
सीबीआई की टीम ने मुख्य रूप से भवन निर्माण, फंड के आवंटन और पुरानी नियुक्तियों से जुड़ी फाइलों की बारीकी से जांच कर रही है.बताया जा रहा है कि यह जांच किसी नए मामले को लेकर नहीं, बल्कि यूनिवर्सिटी के शुरुआती वर्षों यानी 2009 से 2014 के बीच में हुए कथित भ्रष्टाचार और प्रशासनिक गड़बड़ियों को लेकर की है. बताया जा रहा है कि इसकी शिकायत लंबे समय से लंबित थी. कहा जा रहा है कि सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड अपने स्थापना के समय से ही विवादों में रहा है. पूर्व में पदस्थापित रहे कुलपतियों और अधिकारियों पर नियमों को ताक पर रखकर काम करने का आरोप लगा है.


