दिल्ली: कांग्रेस के AI समिट में हुए हंगामे के विरोध में भाजपा ने शनिवार को दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात और जम्मू-कश्मीर में प्रदर्शन किया। दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कार्यालय के बाहर भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और पोस्टर लेकर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारे लगाए और उनसे माफी मांगने की मांग की।
Highlights:
मुंबई में राहुल गांधी के काफिले को काले झंडे
महाराष्ट्र के मुंबई के मुलुंड इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के काफिले को काले झंडे दिखाए। राहुल गांधी यहां से भिवंडी जा रहे थे, जहां 2014 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर की गई कथित विवादित टिप्पणी के मामले में उनकी कोर्ट में पेशी थी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे लेकर विरोध प्रदर्शन किया और नाराजगी जताई।
गुजरात और जम्मू-कश्मीर में भी प्रदर्शन
गुजरात के सूरत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पुतला जलाकर विरोध जताया। वहीं जम्मू-कश्मीर में भी भाजपा समर्थकों ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के बयान और गतिविधियां देशहित के खिलाफ हैं।
AI समिट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध बना वजह
दरअसल, 20 फरवरी को दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित AI समिट 2026 के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के वीडियो सामने आए, जिनमें कार्यकर्ता सफेद टी-शर्ट लिए दिखाई दिए। इन टी-शर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीर लगी थी और उस पर PM is compromised लिखा था। भाजपा ने इस प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और देशभर में विरोध शुरू किया।


