चतरा : पिपरवार थाना क्षेत्र के किचटो गांव में बच्चा चोरी की अफवाह ने एक युवक की जान ले ली। ग्रामीणों ने बच्चा चोर होने के संदेह में 40 वर्षीय रामबली रजवार की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना रविवार की बताई जा रही है, जब गांव में फैली अफवाह के बाद लोगों की भीड़ ने युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।
सूचना मिलते ही पिपरवार थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह घायल युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया। रिम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, वह मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था और इलाज के सिलसिले में मैकलुस्कीगंज आया था। पिछले कुछ दिनों से उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी, जिसके कारण वह भटकते हुए किचटो गांव पहुंच गया। इसी दौरान ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर समझकर पीट दिया।


