मुंबई: महाराष्ट्र के मुंबई के मुलुंड (पश्चिम) इलाके में शनिवार दोपहर मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। एलबीएस रोड पर निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का सीमेंट का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे से गुजर रहे ऑटो रिक्शा और एक कार पर गिर गया।
Highlights:
यह हादसा मुलुंड (पश्चिम) में जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के पास हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार घटना की सूचना दोपहर करीब 12 बज के 20 मिनट में मिली। बताया जा रहा है कि ऑटो में सवार 3 से 4 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
मौके पर पहुंची राहत टीम
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, मेट्रो प्राधिकरण के कर्मचारी और 108 एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। पुलिस ने आसपास के इलाके को घेरकर ट्रैफिक डायवर्ट किया और मलबा हटाने का काम शुरू किया।
पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं। यह भी देखा जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


