लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गारू प्रखंड सह अंचल कार्यालय में कार्यरत अमीन मुनिदेव सिंह को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार को पूर्व निर्धारित योजना के तहत की गई। जानकारी के अनुसार, अमीन मुनिदेव सिंह ने एक स्थानीय व्यक्ति से उसकी जमीन से संबंधित सरकारी कार्य और मापी के निपटारे के बदले 7 हजार रुपये की मांग की थी। पीड़ित रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। उसने पलामू स्थित भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
Highlights:
शिकायत के बाद की गई सत्यापन जांच
ACB ने शिकायत मिलने के बाद मामले का सत्यापन किया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर टीम ने अमीन को रंगे हाथ पकड़ने के लिए विशेष रणनीति तैयार की। शुक्रवार को तय योजना के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति गारू अंचल कार्यालय पहुंचा और अमीन को 7 हजार रुपये रिश्वत के रूप में दिए। जैसे ही उसने पैसे लिए, पहले से सादे लिबास में मौजूद ACB की टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के हाथ धुलवाए गए। हाथ धोने पर पानी का रंग गुलाबी हो गया, जो रिश्वत लेने का वैज्ञानिक प्रमाण माना जाता है।
मेदिनीनगर एसीबी मुख्यालय ले जाया गया
कार्रवाई के बाद टीम आरोपी अमीन को अपने साथ मेदिनीनगर स्थित ACB मुख्यालय ले गई। वहां आवश्यक कागजी प्रक्रिया और पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।


