लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने बुधवार को अपने दूसरे कार्यकाल का आखिरी और कुल मिलाकर 10वां बजट विधानसभा में पेश किया। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सुबह 11 बजे सदन में 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया। बजट में विकास, कृषि, उद्योग, स्टार्टअप और सामाजिक कल्याण योजनाओं पर जोर दिया गया।
Highlights:
वित्त मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा मोबाइल फोन विनिर्माण केंद्र बन चुका है। देश में बनने वाले कुल मोबाइल फोन का लगभग 65 प्रतिशत उत्पादन प्रदेश में हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की नीतियों के चलते 6 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। बजट भाषण के दौरान सुरेश खन्ना ने कहा कि वर्ष 2024-25 के लिए राज्य का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) 30.25 लाख करोड़ रुपये अनुमानित है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 13.4 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि सरकार के पिछले और वर्तमान कार्यकाल में प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास कार्य हुए हैं।
बेटियों की शादी के लिए राशि
सामाजिक कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए वित्त मंत्री ने घोषणा की कि बेटियों की शादी के लिए दी जाने वाली सहायता राशि को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। कृषि क्षेत्र पर जोर देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि कृषि उत्पादन में उत्तर प्रदेश देश में नंबर-1 है। साथ ही प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय में भी वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश स्टार्टअप के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और एक लीडर के रूप में उभर रहा है। बजट पेश किए जाने के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सदन में मौजूद रहे। सरकार ने इस बजट को विकास और जनकल्याण केंद्रित बताया है। अब इस बजट पर सदन में चर्चा होगी, जिसके बाद इसे पारित किया जाएगा।


