पटना: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। विधानसभा भवन में छत का एक हिस्सा अचानक नीचे गिर गया। गनीमत रही कि उस वक्त वहां मौजूद विधायक बाल-बाल बच गए और किसी को चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब कई विधायक विधानसभा भवन में प्रवेश कर रहे थे। पोर्टिको के पास छत का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
Highlights:
रेनोवेशन पर उठे सवाल
बजट सत्र से पहले विधानसभा भवन का रेनोवेशन कराया गया था, जिस पर लाखों रुपये खर्च किए गए थे। इसके बावजूद छत का हिस्सा गिरने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने स्पीकर को इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सुबह कई विधायक पोर्टि को में खड़े थे, तभी ऊपर से भारी मलबा गिरा। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताया। इधर, विधान परिषद के बाहर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने मीडिया से बातचीत में नीतीश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह सरकार वोट चोरी से बनी है और असल जीत उनकी पार्टी की हुई थी।
नीतीश-तेजस्वी के बीच तीखी बहस
बजट सत्र के तीसरे दिन विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने तेजस्वी यादव को टोका और उन पर गंभीर आरोप लगाए। मुख्यमंत्री के बयान पर तेजस्वी यादव मुस्कुराते नजर आए और उन्होंने कहा, “कुछ भी बोलिएगा।” इस पर नीतीश कुमार ने उन्हें बैठने को कहा और कड़े शब्दों में जवाब दिया। तेजस्वी यादव ने राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार की पहचान झूठी वाहवाही और लापरवाही है। उन्होंने कहा कि अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में विफल रही है।
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का पलटवार
तेजस्वी यादव के बयान पर डिप्टी मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जंगलराज से जुड़ी बातें पूरा देश जानता है और जिन पर भ्रष्टाचार के आरोप रहे हैं, उन्हें उपदेश नहीं देना चाहिए। एक तरफ विधानसभा भवन में छत गिरने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, तो दूसरी ओर सदन के भीतर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी से सियासी माहौल भी गरमा गया है। फिलहाल प्रशासन ने छत गिरने की घटना की जांच के संकेत दिए हैं।


