पलामू: पलामू पुलिस ने नशा माफियाओं के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर न केवल लाखों की अफीम जब्त की, बल्कि पानी सप्लाई के फर्जी बिल की आड़ में बिहार भेजी जा रही अवैध शराब की खेप को भी पकड़ लिया।
Highlights:
ऑटो से पंजाब भेजी जा रही थी अफीम
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अफीम की एक बड़ी खेप की तस्करी होने वाली है। इसके बाद डीएसपी राजीव रंजन के नेतृत्व में रजवाडीह चौक के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध ऑटो को रोका गया। तलाशी लेने पर यात्रियों के पास मौजूद बैग से 800 ग्राम अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार तस्करों में पलामू जिले के पांकी का रहने वाला सूचित भुइयां और चतरा के लावालौंग का कुलेंद्र भुइयां शामिल है। वहीं पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह खेप पंजाब के इलाकों में सप्लाई के लिए भेजी जा रही थी।
बिहार भेजी जा रही थी शराब
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने शराब तस्करों के एक नए और शातिर तरीके का भंडाफोड़ किया। तस्करों ने शराब की खेप को पानी सप्लाई के फर्जी बिल के नाम पर छिपा रखा था ताकि किसी को शक न हो। यह शराब रांची के लालपुर से खरीदी गई थी और इसे बिहार के औरंगाबाद भेजा जा रहा था। गिरफ्तार तस्कर में राँची जिले के ओरमांझी का सरोज प्रजापति और चान्हो का सुरेंद्र महतो शामिल है ।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में डीएसपी राजीव रंजन, राजेश यादव, इंस्पेक्टर सुरेश राम, सदर थाना प्रभारी लालजी, सब इंस्पेक्टर नीरज और एएसआई नबी अंसारी की मुख्य भूमिका रही।


