न्यूज डेस्क : भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही व्यापार समझौते की ट्रेड डील को लेकर अब सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव कम होता दिख रहा है और बातचीत अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। बुधवार को शीर्ष सरकारी अधिकारियों ने संकेत दिए कि भारत-अमेरिका ट्रेड वार्ता में बहुत महत्वपूर्ण प्रगति हुई है और जल्द ही किसी ठोस नतीजे पर पहुंचा जा सकता है।
Highlights:
मिली जानकारी के अनुसार बताया गया कि जहां भारत और यूरोपीय संघ यानी ईयू के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर राजनीतिक सहमति बन चुकी है, वहीं अमेरिका के साथ भी बातचीत तेजी से आगे बढ़ रही है। भारत-अमेरिका समझौता अब लगभग अंतिम दौर में है और दोनों देशों के बीच सकारात्मक परिणाम की उम्मीद जताई जा रही है।
ट्रेड डील को लेकर बातचीत जारी
यूरोपीय संघ के साथ समझौते के अंतिम चरण के दौरान भारतीय व्यापार वार्ताकार लगातार अपने अमेरिकी समकक्षों के संपर्क में थे। फिलहाल अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील को लेकर बातचीत जारी है। भारत ने अपनी ओर से सभी जरूरी प्रस्ताव सामने रखे हैं। अब इस समझौते को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अमेरिकी प्रशासन, खासतौर पर अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन पर निर्भर है। सरकार के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि बातचीत के दौरान जो बातें हुई या उसका जो वास्तविक विवरण है, वो अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि यानी यूएसटीआर और उनकी टीम को ही पता है, न कि सार्वजनिक बयान देने वालों को।
व्यापार बढ़ाना भारत के हित में
मीडिया रिपोर्ट में यह बताया गया कि विश्व व्यापार संगठन यानी डब्ल्यूटीओ की एमएफएन-आधारित व्यवस्था पर दबाव बढ़ने के कारण देश अब द्विपक्षीय और बहुपक्षीय समझौतों को प्राथमिकता दे रहे हैं। भारत का नजरिया किसी एक समझौते को दूसरे के विकल्प के रूप में देखने का नहीं है, बल्कि वह ऐसे समझौतों का नेटवर्क बनाना चाहता है जिससे निर्यातकों और निवेशकों को बड़े बाजारों तक पहुंच का मौका मिल सके। सरकार का मानना है कि यूरोपीय संघ और अमेरिका दोनों के साथ व्यापार बढ़ाना भारत के हित में है, क्योंकि इससे देश में रोजगार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।


