नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा कि ‘सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत बधाई। भारत की आन-बान और शान का प्रतीक यह राष्ट्रीय महापर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करे। विकसित भारत का संकल्प और अधिक सुदृढ़ हो, यही कामना है।’
Highlights:
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संविधान को हर भारतीय का सबसे बड़ा हथियार बताते हुए उसकी रक्षा पर जोर दिया। राहुल गांधी ने लिखा, “सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारा संविधान हर भारतीय का सबसे बड़ा हथियार है – यही हमारी आवाज़ है, हमारे अधिकारों का सुरक्षा-कवच। इसी की मज़बूत नींव पर हमारा गणतंत्र खड़ा है जो समानता और सौहार्द से ही सशक्त होगा। संविधान की रक्षा ही, भारतीय गणतंत्र की रक्षा है – हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को सच्ची श्रद्धांजलि है। जय हिंद! जय संविधान!”
झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने भी समस्त देश वासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी है। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, “समस्त देशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ।”
रक्षा मंत्री ने दी शुभकामनाएं
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं! आज, हम उस संविधान में अपने विश्वास की पुष्टि करते हैं जो हमारे लोकतंत्र, एकता और राष्ट्रीय चरित्र को परिभाषित करता है। हम उन दूरदर्शी लोगों का सम्मान करते हैं जिन्होंने हमारे गणतंत्र को आकार दिया और उन बहादुर बेटों और बेटियों को सलाम करते हैं जो साहस और बलिदान के साथ इसकी रक्षा करते हैं। आइए, एक मजबूत, आत्मनिर्भर और प्रगतिशील भारत बनाने के लिए सामूहिक संकल्प के साथ आगे बढ़ें। जय हिंद!”
कर्तव्य पथ पर मुख्य समारोह
77वां गणतंत्र दिवस के मौके पर मुख्य समारोह नई दिल्ली के कत्व्य पथ पर आयोजित हो रहा है। इस दौरान कर्तव्य पथ पर परेड और झांकियों का नजारा देखने को मिलेगा। इस साल की थीम वंदे मातरम् के 150 साल पूरे है। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर मुख्य अतिथि हैं।
दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित हो रही भव्य परेड में देश की सांस्कृतिक विविधता, सेना की ताकत और लोकतांत्रिक मूल्यों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिलेगी। यह दिन 26 जनवरी, 1950 को भारतीय संविधान के लागू होने की वर्षगांठ पर मनाया जाता है। इसी संविधान ने भारत को एक संप्रभु और लोकतांत्रिक गणराज्य का स्वरूप दिया।
गृह मंत्रालय की झांकी
कर्तव्य पथ पर आज आयोजित 77वीं गणतंत्र दिवस परेड के दौरान केंद्रीय गृह मंत्रालय की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। इस झांकी की थीम ‘दंड से न्याय की ओर’ रखी गई है, जो भारत की आपराधिक न्याय प्रणाली में आए ऐतिहासिक परिवर्तन को दर्शाती है। झांकी के माध्यम से उन तीन नए कानूनों की झलक प्रस्तुत की जाएगी, जिन्हें अंग्रेजों के समय से चले आ रहे पुराने कानूनों के स्थान पर लागू किया गया है। ये तीनों कानून पूरे देश में 1 जुलाई 2024 से प्रभावी हो चुके हैं।


