मनोरंजन : बॉलीवुड के अन्ना के नाम से महशूर सुनील शेट्टी हाल ही में अपने बेटे अहान शेट्टी की आने वाली फिल्म ‘बॉर्डर 2’ के ऑडियो लॉन्च के दौरान भावुक हुए। मंच पर बोलते हुए उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। इस दौरान फिल्म बॉर्डर 2 के प्रोड्यूसर भूषण कुमार उन्हें संभालते और दिलासा देते नजर आए।
Highlights:
आसानी से काम नहीं मिलता
अहान शेट्टी ने साल 2021 में मिलन लुथरिया की फिल्म ‘तड़प’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई थी। इसके बाद अहान को फिल्मों के लिए काफी संघर्ष का सामना करना पड़ा। सुनील शेट्टी ने बताया कि लोगों को लगता है कि स्टार किड्स को आसानी से काम मिल जाता है, लेकिन हकीकत इससे अलग होती है।
ऑडियो लॉन्च में सुनील शेट्टी ने मंच से कहा, “यह अहान की दूसरी फिल्म है और इतनी बड़ी फिल्म मिलना बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। जब अहान इस फिल्म की शूटिंग कर रहा था, तब मैंने उससे कहा था कि यह सिर्फ यूनिफॉर्म नहीं है, इसका सम्मान करना जरूरी है। जो भी करो, दिल से करो।” उन्होंने आगे कहा कि वह प्रोड्यूसर्स के हमेशा आभारी रहेंगे जिन्होंने उनके बेटे को इतनी बड़ी और अहम फिल्म के लिए चुना।
बॉर्डर 2 सबसे बेहतर फिल्म
सुनील शेट्टी ने यह भी माना कि पहली फिल्म के बाद आए ब्रेक के दौरान अहान के लिए आगे बढ़ना आसान नहीं था। उन्होंने कहा, “सब कहते हैं कि सुनील शेट्टी का बेटा है, उसे तो काम मिल ही जाएगा। लेकिन अहान ने अपनी जिंदगी में बहुत कुछ झेला है। मुझे खुशी है कि उसे दूसरी फिल्म के रूप में ‘बॉर्डर 2’ मिली। इससे बेहतर फिल्म हो ही नहीं सकती।” इसके साथ ही सुनील शेट्टी ने ‘बॉर्डर 2’ में काम करने की इच्छा भी जताई। उन्होंने पहली ‘बॉर्डर’ फिल्म को याद करते हुए कहा कि देश के लिए मरने वाला किरदार निभाना उनके लिए गर्व की बात थी।


