डेस्क: दक्षिण अफ्रीका के सबसे बड़े शहर जोहान्सबर्ग के पास स्थित बेक्कर्सडाल टाउनशिप में रविवार को अचानक हुई गोलीबारी ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस हमले में 10 लोगों की जान चली गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार, हमलावर कौन थे और उन्होंने हमला क्यों किया, इसका अब तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। गौटेंग प्रांत की पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर ब्रेंडा मुरिडिली ने बताया कि इस घटना में 10 लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मरने वाले कौन-कौन हैं।
Highlights:
सड़क पर चलते लोगों को निशाना
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हथियारबंद हमलावरों ने बिना किसी चेतावनी के सड़क पर चल रहे लोगों पर पीछे से गोलियां बरसाईं। यह घटना जोहान्सबर्ग के बाहरी हिस्से में स्थित बेक्कर्सडाल इलाके में हुई, जिसे आसपास की प्रमुख सोने की खदानों के नजदीक बसा एक गरीब टाउनशिप माना जाता है। अचानक हुई इस फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी जिस जगह हुई, वहां एक बार के आसपास अवैध रूप से शराब बेचे जाने की जानकारी भी सामने आई है।
हमलावरों की तलाश तेज
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों को पकड़ने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। बेक्कर्सडाल की इस घटना के बाद स्थानीय लोग दहशत में हैं। फिलहाल, पुलिस जांच जारी है और पूरे मामले से जुड़े हर पहलू को खंगाला जा रहा है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, हमले की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।


