रांची : भारतीय वनडे टीम में शामिल पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली 30 नवंबर को द. अफ्रीका के खिलाफ होने वाले वनडे मुकाबले के लिए बुधवार को रांची पहुंच गए हैं. रांची एयरपोर्ट पर जेएससीए सचिव और पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी सौरभ तिवारी, जेएससीए अधिकारी संजय पांडे समेत कई अन्य लोगों और बड़ी संख्या में मौजूद फैंस ने विराट कोहली का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. इससे पहले मंगलवार को भारतीय टीम के चार खिलाड़ी अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, तिलक वर्मा और प्रसिद्ध कृष्णा भी रांची पहुंचे थे.
Highlights:
गुरूवार को पहुंच सकते हैं अन्य खिलाड़ी
भारतीय टीम के अन्य खिलाड़ियों के भी गुरूवार को पहुंचने की संभावना है क्योंकि टीम के कई खिलाड़ी फिलहाल द. अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों के सीरीज के अंतिम टेस्ट मैच के लिए गुवाहाटी में हैं और जल्द ही तीन एकदिवसीय मैचों की सीरिज के लिए टीम के साथ जुड़ेंगे. इस बीच द. अफ्रीका के विकेट कीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक भी बुधवार को रांची पहुंचे. कई क्रिकेट फैंस ने उनका भी बेहद गर्मजोशी के साथ स्वागत किया.
मैच को लेकर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था
इधर मैच के ऑफलाइन टिकटों की बिक्री जारी है, क्रिकेट फैंस और समर्थकों में टिकट को लेकर काफी उत्साह नजर आ रहा है. टिकट काउंटरों पर सुबह से ही लंबी कतारें दिख रही है. मैच को लेकर लगभग साढ़े छह हजार टिकटों की ऑनलाइन बिक्री हुई है, जिसे रिडीम करने के लिए एक काउंटर स्टेडियम में बनाए गए हैं. वहीं मैच से पहले बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने स्टेडियम परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है. भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की भी व्यवस्था की गई है.


