रांची : रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने यूनिसेफ के पूर्व बाल पत्रकारों और युवाओं से मुलाकात की। इस दौरान बच्चों और युवाओं ने मुख्यमंत्री के सामने झारखंड में 25 वर्षों की बाल अधिकार यात्रा से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने सभी को बाल दिवस और झारखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
Highlights:
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं और इन 25 वर्षों में राज्य ने बच्चों के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार वर्तमान और आने वाली पीढ़ी के बच्चों को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा, “हमारे बच्चे और युवा ही राज्य और देश का भविष्य हैं। इनके सर्वांगीण विकास से ही एक समृद्ध झारखंड का निर्माण संभव है।”

शिक्षा में सुधार और छात्रवृत्ति योजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि छात्रों को छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है। शिक्षा में गरीबी अब बाधा न बने, इसके लिए सरकार कई योजनाओं को लागू कर रही है। राज्य में 80 सरकारी स्कूलों को ‘सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में अपग्रेड किया गया है, जहां निजी स्कूलों की तर्ज पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। आने वाले समय में बड़ी संख्या में और भी सरकारी विद्यालयों को अपग्रेड किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार 10वीं और 12वीं के टॉपर विद्यार्थियों को लैपटॉप, मोबाइल और सम्मान राशि देकर प्रोत्साहित करती है।
स्कूलों में बच्चों के स्वास्थ्य और विकास के लिए कई योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए पोषण संबंधी योजनाएं, स्वास्थ्य कार्यक्रम, कैंपस सुधार जैसी गतिविधियाँ चलाई जा रही हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे उन बच्चों तक भी योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं जो अब तक इन लाभों से वंचित हैं।
यूनिसेफ के पूर्व बाल पत्रकारों ने साझा किए अपने अनुभव
कार्यक्रम में शामिल यूनिसेफ के पूर्व बाल पत्रकारों और KGBV एवं JBAV की छात्राओं ने बताया कि मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, समर अभियान, गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, एमएचएम लैब्स, मध्याह्न भोजन में अंडा, इको क्लब, स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार जैसी योजनाओं ने उनकी शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य में बड़ी मदद की है। उन्होंने यह भी बताया कि इन योजनाओं से न केवल उन्हें, बल्कि उनके परिवारों को भी आर्थिक और सामाजिक रूप से सहारा मिला है।
यूनिसेफ ने की झारखंड सरकार की सराहना
यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डॉ. कनिनिका मित्रा ने झारखंड राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा, “युवाओं के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की उपस्थिति दर्शाती है कि राज्य सरकार बच्चों के भविष्य के प्रति कितनी गंभीर और प्रतिबद्ध है।” यूनिसेफ की कम्युनिकेशन, एडवोकेसी और पार्टनरशिप विशेषज्ञ सुश्री आस्था अलंग ने कहा कि बच्चों की उम्मीदों और सपनों को पूरा करने के लिए सरकार और समाज दोनों को मिलकर प्रयास करना होगा।
Also Read : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव : मतगणना में झामुमो उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन की 89251 से आगे
मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कार्यक्रम में मौजूद बच्चों और युवाओं के विचारों की सराहना करते हुए कहा,”आप सभी से मिलकर बहुत अच्छा लगता है। मैं आप सभी को बाल दिवस और झारखंड स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।” कार्यक्रम में महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव मनोज कुमार भी उपस्थित रहे।


