बिहार : दो चरणों में इस बार हुए बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में कुल 66.91 प्रतिशत मतदान हुआ. यह साल 1951 में हुए पहले चुनाव के बाद राज्य में सबसे अधिक मतदान का आंकड़ा है. इसके साथ ही अब तक के इतिहास में बिहार में इस बार सबसे अधिक महिला मतदाताओं ने मतदान किया है. राज्य में महिलाओं ने रिकॉर्ड 71.6 प्रतिशत, जबकि पुरुषों ने 62.8 प्रतिशत मतदान किया. प्रेस इन्फ़ॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) ने एक प्रेस रिलीज जारी कर यह जानकारी दी है. हालांकि, ये आंकड़े अस्थायी हैं.
पीआईबी ने बताया है कि इनमें सर्विस वोटर, ट्रांसजेंडर और डाक मतपत्रों को शामिल नहीं किया गया है. अंतिम आंकड़े निर्वाचन आयोग की ओर से जारी किए जाएंगे.
इसके अलावा, बिहार विधानसभा चुनाव में पहली बार छह देशों से आए 16 प्रतिनिधियों ने भी अंतरराष्ट्रीय निर्वाचन पर्यवेक्षक कार्यक्रम (आईईवीपी) के तहत बिहार में हुए मतदान प्रक्रिया को देखा. इनमें दक्षिण अफ़्रीका, इंडोनेशिया, थाईलैंड, फ़िलीपींस, बेल्जियम और कोलंबिया से आए प्रतिनिधि शामिल थे.
इससे पहले मंगलवार को हुए दूसरे चरण के चुनाव में बिहार के 122 विधानसभा सीटों पर 68.79 प्रतिशत मतदान हुआ. हालांकि इसमें अभी भी कई बूथों का आंकड़ा शामिल नहीं है. बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कहा कि दूसरे चरण का मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ है और किसी तरह की हिंसा की वारदात नहीं हुई है. उन्होंने कहा, “दूसरे चरण का मतदान संपन्न होने के बाद जो आंकड़े आए हैं, उसमें अभी तक मतदान का प्रतिशत 68.79 है. इसमें उन 2000 बूथों का डेटा शामिल नहीं है जिनके आंकड़े आने बाक़ी हैं.”
Also Read : गुजरात के भरूच में फार्मा कंपनी में हुए धमाके में 3 की मौत, 24 अन्य लोग घायल
विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि मंगलवार को लगभग तीन करोड़ 52 लाख रुपये की ज़ब्ती हुई जिसमें 1.7 करोड़ रुपये के शराब और ड्रग्स आदि थे. आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद अब तक 127 करोड़ रुपये की ज़ब्ती हो चुकी है, जिसमें 78 करोड़ रुपये के शराब, ड्रग्स और नशीले पदार्थ थे. निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, इस चुनाव में कुल 2616 उम्मीदवार थे और मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 45 लाख थी. सभी बूथों पर वेबकास्टिंग की गई.


