उत्तर प्रदेश : सहारनपुर में सीबीसीआईडी के रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर प्रेमवीर सिंह राणा के तीन मकानों और फार्म हाउस समेत कुल सात ठिकानों पर छापेमारी की है. इस कार्रवाई में 14 करोड़ 38 लाख से अधिक की संपत्ति का खुलासा हुआ है. प्रेमवीर के एक मकान की कीमत 1.20 करोड़ आंकी गई तो दूसरे की कीमत 1.5 करोड़ और तीसरे की कीमत लगभग 80 लाख है. छापेमारी टीम को 23 बेनामी कृषि, आवासीय प्लॉट, स्कॉर्पियो और डिजायर कार, एक बाइक, LIC पॉलिसियों की रसीदें और कई बैंक खातों की जानकारी भी मिली है। कुल मिलाकर संपत्ति का मूल्यांकन 14.38 करोड़ रुपये से अधिक का पाया गया है।
Highlights:
कौन है प्रेमवीर सिंह राणा ?
प्रेमवीर सिंह राणा के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे हैं, उनमें एक डॉक्टर तो दूसरा आर्मी अफसर है। CBCID लखनऊ में निरीक्षक के पद से साल 2024 में रिटायर्ड हुए प्रेमवीर सिंह राणा के खिलाफ 22 सितंबर 2025 को उनके खिलाफ मेरठ सतर्कता प्रतिष्ठान थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पहले जांच में उनकी आय से अधिक करीब 2.92 करोड़ की संपत्ति सामने आई थी, जिसका वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके थे।

नौकरी के दौरान प्रेमवीर की मेरठ, नोएडा से लेकर शामली तक तैनाती रही. इसके अलावा पश्चिमी यूपी के कई जिलों मेरठ, नोएडा, शामली, सहारनपुर समेत कई जगहों पर भी उन्होंने सेवाएं दी हैं। इसी दौरान उन पर अवैध तरीके से करोड़ों की संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगे थे। प्रेमवीर के खिलाफ शिकायत उनके ही गांव निरपुड़ा, जनपद बागपत के निवासी राममेहर ने की थी। उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ योगी सरकार के विज्ञापन देखकर शिकायत दर्ज कराई थी।


