बिहार : बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने मोकामा के घोसवरी में 30 अक्टूबर को हुई हिंसक झड़प को लेकर विस्तृत जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस इस पूरे मामले को बेहद संवेदनशीलता से देख रही है और जिला पुलिस और सीआईडी की संयुक्त टीम जांच में जुटी है।
Highlights:
घटना के दिन क्या हुआ था?
डीजीपी ने बताया कि घटना के दिन दो राजनीतिक उम्मीदवारों के समर्थक एक ही समय में विपरीत दिशा से गुजर रहे थे। इसी दौरान मामूली कहासुनी हुई और मामला बढ़ते-बढ़ते पत्थरबाजी में बदल गया। इसी दौरान दुलारचंद यादव की मौत हो गई थी। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया था, लेकिन पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
पोस्टमार्टम में नहीं मिला गोली का निशान
DGP विनय कुमार ने बताया कि शुरू में ऐसा लग रहा था कि मृतक को गोली लगी है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, दुलारचंद यादव की मौत शरीर के ऊपरी हिस्से (फेफड़े और हृदय के पास) में कंप्रेशन यानी दबाव के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम की पूरी वीडियोग्राफी की गई थी और यह पीड़ित परिवार और पुलिस दोनों की मौजूदगी में हुआ।
जांच में नए खुलासे
डीजीपी ने बताया कि पुलिस को मिले वीडियो फुटेज में मृतक दुलारचंद यादव को पत्थरबाजी करते हुए भी देखा गया है। अब यह जांच की जा रही है कि क्या उसके ऊपर कोई वाहन चढ़ गया था या यह कोई दुर्घटनावश हादसा था। उन्होंने कहा कि “यह जांच की जा रही है कि मौत दुर्घटनावश हुई या किसी ने जानबूझकर ऐसा किया। जांच रिपोर्ट के बाद ही सभी तथ्य स्पष्ट होंगे।”
Also Read : दुलारचंद हत्याकांड में पूर्व विधायक अनंत सिंह गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए
अब तक 80 से अधिक लोग गिरफ्तार
डीजीपी ने बताया कि हिंसा में शामिल दोनों पक्षों के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई की जा रही है। अब तक 80 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि “अनंत सिंह से पूछताछ जारी है, और यदि आवश्यक हुआ तो कुछ अन्य लोगों को रिमांड पर लिया जाएगा। साथ ही जन सुराज के उम्मीदवार प्रियदर्शी पीयूष की भी गिरफ्तारी की जाएगी।”
चुनाव में शांति बनाए रखने की अपील
डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आगामी 6 नवंबर के चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना है। उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी तरह का जातीय या सांप्रदायिक तनाव फैलाने से बचें। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग इस पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहा है और पल-पल की रिपोर्ट ली जा रही है।


