रांची : पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में गुरुवार को झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का आगमन हुआ। निर्धारित कार्यक्रम के तहत वे चाईबासा पहुंचे, जहां जिला उपायुक्त चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।

स्वागत के बाद मंत्री डॉ. अंसारी ने सदर अस्पताल, चाईबासा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले रक्त अधिकोष (ब्लड बैंक) केंद्र का जायजा लिया और वहां संचालित रक्त जांच प्रक्रिया को बारीकी से देखा। मंत्री ने निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त और सिविल सर्जन को स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. अंसारी ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी 24 जिलों में संचालित रक्त अधिकोष केंद्रों की जांच के लिए निर्देश जारी किया गया है और इसके लिए विशेष टीम का गठन किया गया है, जिसकी शुरुआत चाईबासा से की गई है।

मंत्री ने सदर अस्पताल के विभिन्न वार्डों, कैंटीन, दवा वितरण केंद्र और पंजीयन काउंटरों का भी गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों से भी बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
डॉ. अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में नए एंबुलेंस खरीदने की प्रक्रिया चल रही है ताकि आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और प्रभावी बनाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. भारती मिंज, सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. शिवचरण हांसदा, एसडीपीओ बहामन टुटी, नजारत उप समाहर्ता देवेंद्र कुमार, गोपनीय प्रभारी कुमार हर्ष, समेत कई चिकित्सा अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
स्वास्थ्य मंत्री के इस दौरे को जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। निरीक्षण के बाद उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए और अस्पताल में स्वच्छता एवं व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।


