धनबाद : धनसार थाना क्षेत्र के दूहाटांड़ में चोरों ने एक ज्वेलर्स दुकान को निशाना बनाया है। चोर दुकान का वेंटिलेशन काटकर अंदर घुसे और करीब तीन लाख रुपये के सोना-चांदी के जेवरात और 50 हजार नगद लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक को हुई। धनसार थाना क्षेत्र के दूहाटांड़ स्थित प्रतीक ज्वेलर्स में बीती रात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
इसे भी पढ़ें: झारखंड में शासन व्यवस्था के गिरते स्तर पर बाबूलाल मरांडी ने कहा – सीएम व्यवस्था सुधारें और जनता का भरोसा करें कायम
बताया जा रहा है कि चोर दुकान का वेंटिलेशन काटकर अंदर दाखिल हुए और दुकान में रखे नकदी समेत सोना-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। सुबह दुकान संचालक सोनू वर्मा जब दुकान खोलने पहुंचे, तो वेंटिलेशन कटा हुआ देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। जांच करने पर दुकान से करीब 50 हजार रुपये नकद, सोने की बालियां, झुमके, नथिया और चांदी के जेवरात गायब मिले।
सोनू वर्मा के मुताबिक चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये है। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना धनसार थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, दुकान संचालक ने बताया कि उन्होंने बैंक से लोन लेकर अपना रोजगार शुरू किया था। ऐसे में दुकान में हुई चोरी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।


