हजारीबाग: जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई एक बड़ी घटना ने पूरे पुलिस महकमे को सकते में डाल दिया। दोपहर लगभग तीन से साढ़े तीन बजे के बीच बरही स्थित हजारीबाग रोड पर स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, अपराधी बैंक से लगभग सात करोड़ रूपया का करीब चार किलो सोना और पांच लाख रुपये नकद लूटकर फरार होने में कामयाब रहे.
Highlights:
इसे भी पढ़ें : ट्रेजरी घोटाला मामले में उच्चस्तरीय जांच समिति ने हजारीबाग प्रशासन से मांगा 15 साल का लेखा-जोखा
ग्राहक बन बैंक में घुसे अपराधी
मिली जानकारी के अनुसार, अपराधी ग्राहकों के वेश में बैंक के भीतर दाखिल हुए थे. अंदर घुसते ही उन्होंने हथियार लहराते हुए बैंक कर्मियों और वहां मौजूद ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया. अपराधियों ने हथियारों के बल पर सभी को एक कोने में बंधक बना लिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद, अपराधियों ने बैंक के स्ट्रॉन्ग रूम और कैश काउंटर को निशाना बनाया.
4 किलो सोना व 5 लाख की लूट
बताया जा रहा है कि अपराधी अपने साथ लाए गए बैगों में करीब चार किलोग्राम सोना और काउंटर पर रखे 5 लाख रुपये भरकर बड़ी आसानी से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जिले के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने बैंक को चारों तरफ से सील कर दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.


